Jhalko Media

Delhi Weather Update: ठिठुरन भरी ठंड से कब मिलेगी राहत? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

 | 
Delhi Weather Update: ठिठुरन भरी ठंड से कब मिलेगी राहत? मौसम विभाग ने दिया बड़ा अपडेट
Weather Update, नई दिल्ली। दिल्ली में मंगलवार हल्की बारिश का पूर्वानुमान था, लेकिन दिन भर कोल्ड डे की स्थिति बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे था। मौसम विभाग ने ठंड का येलो अलर्ट जारी किया था, वहीं लोगों को दिनभर ठंड ने परेशान किया। बुधवार भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर रखा है। आपको बता दें तो मंगलवार की शुरुआत हल्के से मध्यम श्रेणी के कोहरे से हुई। सुबह आठ बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का न्यूनतम स्तर 500 मीटर दर्ज किया गया। दिन चढ़ने के साथ दृश्यता तो कुछ सु़धरी लेकिन बादल दिन भर छाए रहे। इसीलिए सूरज के दर्शन हुए अवश्य, लेकिन धूप भी बादलों एवं कोहरे की हल्की परत में दुबकी रही। लिहाजा, ठिठुरन भरी सर्दी से निजात पाने को या तो दिल्ली वासी रजाई-कंबल में लिपटे रहे या फिर हीटर और अलाव के आगे हाथ सेंकते नजर आए। कितना दर्ज किया गया तापमान मंगलवार को दिल्ली में 24 घंटे के भीतर अधिकतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री रहा था, वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से छह डिग्री कम है। इस सीजन में यह दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले चार जनवरी को अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगलवार का दिन सिवियर कोल्ड डे यानी अत्यधिक ठिठुरन भरे ठंडे दिन की श्रेणी में भी रखा गया है। दिल्ली के अन्य इलाकों लोधी रोड, रिज, आयानगर, जाफरपुर, पूसा और मयूर विहार में भी ठिठुरन भरा ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 97 से 81 प्रतिशत रहा। अधिकतम तापमान 12.9 की दृष्टि से जाफरपुर और न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस की दृष्टि से लोधी रोड सबसे ठंडे इलाके रहे। आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी दिल्ली में ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह हल्के से मध्यम कोहरा होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। कहीं कहीं कोल्ड डे की संभावना बनी रहेगी। अधिकतम तापमान 16 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं। बुधवार को दिल्ली में हवा 10 से 16 किमी प्रति घंटा और बृहस्पतिर को चार से 12 किमी रहने का अनुमान है। दोनों दिन उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवा चलेगी। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि कोल्ड डे की स्थिति बनने के पीछे मुख्य वजह बादल छाए रहना है। सूरज बादलों में छिप रहा है और धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही। हवा में नमी भी है। उत्तर पश्चिमी दिशा से बर्फीली हवा चल रही है। कोल्ड डे और शीत लहर मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है। इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीत लहर की स्थिति होती है। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीत लहर कही जाती है।